निकेश बरड़िया की अध्यक्षता में चेम्बर की ऐतिहासिक बैठक, अंतिम व्यापारी की आवाज पहुंचेगी नेतृत्व तक

निकेश बरड़िया की अध्यक्षता में चेम्बर की ऐतिहासिक बैठक, अंतिम व्यापारी की आवाज पहुंचेगी नेतृत्व तक

September 2, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की रायपुर संभाग स्तरीय ऐतिहासिक “तिमाही समीक्षा एवं योजना बैठक” आज चेम्बर भवन, रायपुर में संपन्न हुई। बैठक प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के मार्गदर्शन और प्रदेश कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक का संचालन कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवं रायपुर संभाग प्रभारी जसप्रीत सिंह सलूजा ने किया। इसमें रायपुर संभाग की सभी इकाइयों के अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष और जिला मंत्रियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।

अंतिम व्यापारी तक पहुंचेगी चेम्बर की बात – सलूजा
संभाग प्रभारी जसप्रीत सिंह सलूजा ने कहा कि संस्था की ताकत उसकी सदस्यता होती है। विशाल कार्यकारिणी बैठक में इकाइयों की गतिविधियां सामने नहीं आ पातीं, इसलिए पहली बार संभाग स्तरीय बैठक शुरू की गई है ताकि अंतिम व्यापारी तक चेम्बर की बात पहुंचे और उनकी समस्या सुनी जा सके। उन्होंने सभी इकाइयों से 20 अप्रैल 2025 से अब तक के कार्यक्रमों की रिपोर्ट चेम्बर कार्यालय को भेजने को कहा।

प्रदेश कोषाध्यक्ष बरड़िया ने दिया मंत्र
प्रदेश कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया ने कहा कि इस पहल से प्रदेश के अंतिम छोर के व्यापारी की आवाज सीधे नेतृत्व तक पहुंचेगी और स्थानीय समस्याओं का त्वरित निराकरण होगा। उन्होंने बाजारों में सड़क, बिजली, निकासी, पार्किंग और महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट जैसी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर दिया। साथ ही व्यापारियों को नई टेक्नोलॉजी से अपडेट होने की सलाह दी।

कार्यकारी अध्यक्ष राधाकिशन सुंदरानी ने बताया कि चेम्बर ने रायपुर के बड़े अस्पतालों से एमओयू किया है, जिसके तहत व्यापारी और उनके परिजनों को अस्पताल में भर्ती होने पर 15 से 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी। उन्होंने व्यापारियों के लिए हेल्थ चेकअप को जरूरी बताया।

कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी ने कहा कि इकाइयों द्वारा उठाई गई समस्याओं को शासन तक पहुंचाकर समाधान कराया जाएगा।

इकाइयों ने रखीं समस्याएं
बैठक में सभी 9 इकाइयों ने अप्रैल 2025 से अब तक की गतिविधियों की लिखित रिपोर्ट और अगले 3 महीनों की कार्ययोजना प्रस्तुत की।

  • धमतरी इकाई के अध्यक्ष कैलाश कुकरेजा ने कहा कि चेम्बर ने ट्रेड लाइसेंस के विरोध से लेकर व्यापारियों पर अनुचित कार्रवाई रोकने तक हर मोर्चे पर लड़ाई लड़ी है। उपाध्यक्ष दिनेश रोहरा ने पूरे प्रदेश में जीएसटी कार्यशाला आयोजित करने की मांग की।
  • सरायपाली इकाई के सचिव सेवाशंकर अग्रवाल ने “चेम्बर आपके द्वार” कार्यक्रम शुरू करने का सुझाव दिया।
  • बलौदाबाजार इकाई ने बिजली के तारों को ऊंचा कराने और कटौती कम कराने जैसे प्रयासों की जानकारी दी।
  • गरियाबंद से मंत्री अरुण कुमार मिश्रा ने गरियाबंद, राजिम और देवभोग में नई इकाई गठन की मांग रखी।
    बैठक में ऑनलाइन बाजार से छोटे व्यापारियों को हो रहे नुकसान, वोकल फॉर लोकल को जन-आंदोलन बनाने, बाजार में सिक्कों (चिल्लर) की कमी और ट्रेड लाइसेंस के नाम पर अनुचित नियमों का विरोध करने पर सहमति बनी।
    सम्मान
    संगठन को मजबूत करने में योगदान के लिए धमतरी इकाई के उपाध्यक्ष दिनेश रोहरा, सरायपाली व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष बने भोजराज अग्रवाल और सर्वाधिक सदस्य बनाने पर बलौदाबाजार इकाई के महामंत्री शिव प्रकाश तिवारी को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
    बैठक का संचालन उपाध्यक्ष मनीष प्रजापति ने किया और आभार उपाध्यक्ष अमरदास खट्टर ने व्यक्त किया। अंत में व्यापारी हितों की रक्षा का संकल्प लेकर प्रीतिभोज के साथ बैठक संपन्न हुई।