अमर पारवानी के नेतृत्व में CAIT और आयकर विभाग की संयुक्त पहल, कल प्रदेशभर में एक साथ होगा ‘व्यापारी कर संवाद’
September 1, 2026रायपुर, 01 सितंबर 2026
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के नेशनल वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच विश्वास और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए एक बड़ी पहल की जा रही है।
CAIT छत्तीसगढ़ और आयकर विभाग द्वारा कल 2 सितंबर (बुधवार) को प्रदेश स्तरीय ‘व्यापारी कर संवाद’ का आयोजन किया जा रहा है। “एक प्रदेश – एक दिन – एक संवाद” की संकल्पना पर यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ में पहली बार प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ, एक ही दिन आयोजित हो रहा है।
CAIT के प्रदेश चेयरमैन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने बताया कि रायपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य आयकर आयुक्त श्री संजीव (IRS) मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ प्रधान आयुक्त मुनीश कुमार (IRS), अतिरिक्त आयुक्त चिलाकला राजेश्वर रेड्डी (IRS) और उप आयुक्त डॉ. गगन गिरी गोस्वामी (IRS) सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
अमर पारवानी ने कहा – संवाद का नया मॉडल है
राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी ने कहा कि ‘व्यापारी कर संवाद’ केवल कर जानकारी देने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि संवाद का नया मॉडल है। व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। कर व्यवस्था को लेकर जागरूकता बढ़ने और प्रत्यक्ष संवाद मजबूत होने से व्यापारिक वातावरण और बेहतर होगा। इससे पारदर्शिता और स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा मिलेगा।
इस अभियान के तहत रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, धमतरी एवं जगदलपुर सहित कई जिलों में आयकर अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यशालाएं होंगी, जहां व्यापारियों के सवालों का सीधे समाधान किया जाएगा।


