गुढ़ियारी में 15 लाख की दही हांडी के लिए मचेगी होड़, बी प्राक और लखबीर सिंह लक्खा बिखेरेंगे जलवा

गुढ़ियारी में 15 लाख की दही हांडी के लिए मचेगी होड़, बी प्राक और लखबीर सिंह लक्खा बिखेरेंगे जलवा

August 31, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 31 अगस्त। भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर राजधानी के गुढ़ियारी में इस बार दही हांडी उत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में 5 सितंबर, शनिवार को दोपहर 3 बजे से अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी में विशाल दही हांडी प्रतियोगिता होगी।

समिति के 16वें वर्ष में आयोजित इस प्रतियोगिता में 15 लाख रुपये के नगद पुरस्कार के लिए होड़ मचेगी। समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल एवं सह-संयोजक हेमेन्द्र साहू ने पत्रकार वार्ता में बताया कि छत्तीसगढ़ सहित महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड, ओडिशा से गोविंदा टोलियां हिस्सा लेंगी। अब तक 26 पुरुष एवं महिला टोलियों ने पंजीयन कराया है, जिसमें रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव के साथ भंडारा, इंदौर और जबलपुर की टोलियां शामिल हैं। प्रतियोगिता में प्रवेश निःशुल्क है और सभी प्रतिभागी टोलियों को सांत्वना राशि भी दी जाएगी।

सांस्कृतिक संध्या में बी प्राक होंगे मुख्य आकर्षण

इस बार दही हांडी के साथ भव्य सांस्कृतिक संध्या भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी। इसमें यूथ आइकॉन बी प्राक, अंतर्राष्ट्रीय भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और छत्तीसगढ़ की लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर प्रस्तुति देंगे।

आयोजन में पुरुष दही हांडी, महिला दही हांडी और ग्रीस युक्त खंभा दही हांडी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल, प्राथमिक उपचार केंद्र और एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है।

संयोजक बसंत अग्रवाल ने रायपुरवासियों से “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष के साथ बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

पत्रकार वार्ता में पुष्पेंद्र उपाध्याय, दीनानाथ शर्मा, घनश्याम पारीक, आजाद गुर्जर, रमेश बंसल, शंकर बरवा, प्रकाश महेश्वरी, पुरुषोत्तम देवांगन, संजय अग्रवाल, घनश्याम शर्मा, श्रवण शर्मा, दीपक राम भगत अग्रवाल उपस्थित रहे।