राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड की 100वीं बैठक सम्पन्न, छत्तीसगढ़ से बड़ी भागीदारी,, नियमित संवाद से व्यापारियों की समस्याओं का हो रहा समाधान – अमर पारवानी

राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड की 100वीं बैठक सम्पन्न, छत्तीसगढ़ से बड़ी भागीदारी,, नियमित संवाद से व्यापारियों की समस्याओं का हो रहा समाधान – अमर पारवानी

August 25, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड, भारत सरकार द्वारा व्यापारियों के साथ नियमित संवाद के लिए शुरू की गई VC Interaction Meeting की 100वीं बैठक रविवार 24 अगस्त को सम्पन्न हुई।

बैठक की अध्यक्षता बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुनील सिंघी ने की। इसमें छत्तीसगढ़ सहित देशभर के व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। छत्तीसगढ़ से बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी के नेतृत्व में प्रदेश के विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने भाग लिया।

बैठक में श्री सुनील सिंघी ने कहा कि 100वीं बैठक केवल एक संख्या नहीं, बल्कि भारत सरकार और व्यापारी समुदाय के बीच विश्वास और निरंतर संवाद का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस पहल ने व्यापारियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और अपनी बात सीधे सरकार तक पहुंचाने का सहज मंच दिया है।

छत्तीसगढ़ से सदस्य अमर पारवानी ने कहा कि इन बैठकों के माध्यम से छोटे, मध्यम और बड़े व्यापारियों को एक साझा मंच मिला है। व्यापारियों से मिले सुझावों और समस्याओं को संबंधित मंत्रालयों तक पहुंचाया जा रहा है और उनके स्थायी समाधान पर काम हो रहा है। इससे सरकार और व्यापार जगत के बीच पारदर्शिता और सहयोग बढ़ा है, जो ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की भावना को मजबूत करता है।

पारवानी ने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे केवल क्रेता-विक्रेता नहीं, बल्कि उत्पादक और उपभोक्ता के बीच सेतु हैं। स्थानीय बाजारों को सक्रिय रखने और रोजगार सृजन में उनकी अहम भूमिका है।

उन्होंने बताया कि अगले चरण में इस संवाद मंच से और अधिक व्यापारियों को जोड़ा जाएगा और जमीनी समस्याओं पर ठोस सिफारिशें तैयार कर परिणामोन्मुख कार्रवाई की जाएगी।