इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की कीटशास्त्र परीक्षा का पेपर लीक करने वाले मुख्य आरोपी प्रोफेसर सहित कुल 06 आारोपी गिरफ्तार…36 घंटे के भीतर पुलिस ने पुरे नेटवर्क का खुलासा किया…

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की कीटशास्त्र परीक्षा का पेपर लीक करने वाले मुख्य आरोपी प्रोफेसर सहित कुल 06 आारोपी गिरफ्तार…36 घंटे के भीतर पुलिस ने पुरे नेटवर्क का खुलासा किया…

August 22, 2026 0 By Central News Service

रायपुर 22 अगस्त 2026// इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की कीटशास्त्र परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के मामले में राजधानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी और भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग के प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

घटना सामने आने के महज 36 घंटे के भीतर पुलिस ने पेपर लीक के पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2008 की धारा 4, 5 और 10 तथा धारा 316 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए 100 से अधिक पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों को कबीरधाम, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और आसपास के जिलों में भेजा गया। पुलिस ने परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों से पूछताछ की और साइबर टीम ने सोशल मीडिया पर वायरल प्रश्नपत्र, स्क्रीनशॉट, फोटो, मैसेज और पोस्ट का तकनीकी विश्लेषण किया। प्रश्नपत्र सबसे पहले किस मोबाइल नंबर, अकाउंट या डिजिटल माध्यम से वायरल हुआ, इसकी जानकारी जुटाने के साथ संदिग्ध मोबाइल नंबरों, सोशल मीडिया ग्रुप और आरोपियों के डिजिटल संपर्कों की भी जांच की गई।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं स्नातक परीक्षा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. एन. आर. रंगारे ने थाना तेलीबांधा में शिकायत दर्ज कराई थी। 20 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक विश्वविद्यालय से संबद्ध 28 कृषि महाविद्यालयों में बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष द्वितीय सेमेस्टर के एजीसीएच-221 (कीटशास्त्र) विषय की परीक्षा होनी थी। परीक्षा शुरू होने से पहले सुबह करीब 8:41 बजे कवर्धा कृषि महाविद्यालय के ई-मेल और करीब 8:54 बजे संबंधित अधिकारियों को प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना मिली। छात्रों ने भी व्हाट्सऐप के जरिए प्रश्नपत्र के कुछ हिस्से वायरल होने की जानकारी दी। जांच में इसकी पुष्टि के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी और मैदानी जांच के दौरान पुलिस अनुज मिंज तक पहुंची। टीम ने दुर्ग जाकर उसे पकड़ा और पूछताछ की। उसके बाद मिले सुरागों के आधार पर कबीरधाम, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग टीमें भेजी गईं। लगातार 36 घंटे की कार्रवाई के बाद पुलिस ने पेपर लीक नेटवर्क का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी योगेश सोनकेसरिया भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग में वर्ष 2019 से प्रोफेसर है। पिछले करीब एक साल से वह अपने कॉलेज की उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने और आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र प्राप्त कर उन्हें कॉलेज तक पहुंचाने का काम कर रहा था। 17 अगस्त को वह उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने जोरा स्थित कृषि महाविद्यालय, रायपुर पहुंचा और आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र प्राप्त किए। सभी प्रश्नपत्र कॉलेज में रखने के बाद उसने 20 अगस्त की एजीसीएच-221 परीक्षा का प्रश्नपत्र अपने घर ले गया।

पुलिस के अनुसार, योगेश ने घर पर प्रश्नपत्र वाले लिफाफे में सुई और नुकीले उपकरण से छोटा छेद किया और मोबाइल कैमरा अंदर डालकर प्रश्नपत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद प्रश्नपत्र की सामग्री तैयार कर उसने अपने कॉलेज के छात्र अजय नायक और दो अन्य छात्रों को 11 हजार रुपये में बेच दिया। अजय नायक ने आगे यह प्रश्नपत्र त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू को उपलब्ध कराया। इसके बाद प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले वायरल हो गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 11,000 रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल तार, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सूजा और फेविकोल जब्त किया है।

मामले में संलिप्त दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पेपर लीक में शामिल अन्य लोगों और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

  1. योगेश सोनकेसरिया, उम्र 38 वर्ष — प्रोफेसर, भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग।
  2. अजय नायक, उम्र 20 वर्ष — निवासी बलौदाबाजार, वर्तमान निवास दुर्ग।
  3. त्रिदेव पटेल, उम्र 22 वर्ष — निवासी महासमुंद, वर्तमान निवास दुर्ग।
  4. नितिन पाण्डेय, उम्र 22 वर्ष — निवासी बस्तर, वर्तमान निवास दुर्ग।
  5. अनुज मिंज, उम्र 22 वर्ष — निवासी जशपुर, वर्तमान निवास दुर्ग।
  6. आदित्य साहू, उम्र 20 वर्ष — निवासी बालोद, वर्तमान निवास दुर्ग।