शासकीय शराब दुकान में नौकरी लगाने का झांसा देकर 2.30 लाख की ठगी, दो आरोपियों पर मामला दर्ज
August 22, 2026संपादक मनोज गोस्वामी
महासमुंद 22 अगस्त 2026// शासकीय मदिरा दुकान में नौकरी लगाने का झांसा देकर 2 लाख 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला तेंदुकोना थाना क्षेत्र से सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम नदीचरौदा, चौकी बुंदेली निवासी राकेश चक्रधारी ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपियों ने उसे शासकीय मदिरा दुकान में नौकरी लगवाने की बात कही थी। नौकरी लगाने के नाम पर उससे कुल 2 लाख 30 हजार रुपये लिए गए। इसके बाद नौकरी नहीं लगने पर प्रार्थी ने अपने साथ धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत पुलिस से की।
मामले में पुलिस ने डोमार ताड़ी पिता धरम तांडी उम्र लगभग 30 वर्ष पता सुभाष नगर वार्ड नं.22 महासमुंद तथा अंकित चंद्राकर पिता कृष्ण कुमार चंद्राकर उम्र लगभग 36 वर्ष ग्राम खौली थाना खरोरा रायपुर के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।
तेंदुकोना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। प्रकरण के विवेचक सउनि महेश डहरिया हैं। पुलिस द्वारा आरोपों से संबंधित साक्ष्यों एवं लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है।




