नशे से दूर रहें, कैरियर पर करें फोकस : कलेक्टर

नशे से दूर रहें, कैरियर पर करें फोकस : कलेक्टर

August 22, 2026 0 By Central News Service


महासमुंद, 22 अगस्त 2026। बसना विकासखंड के ग्राम दुर्गापाली स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने, मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा अपने भविष्य और कैरियर को लेकर गंभीरता से मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कहा कि वर्तमान दौर नवीन तकनीक और डिजिटल संसाधनों का है। विद्यार्थी तकनीक का सकारात्मक उपयोग करते हुए यूट्यूब एवं दीक्षा पोर्टल जैसे शैक्षणिक माध्यमों से नियमित अध्ययन और अभ्यास कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि सह-संज्ञानात्मक गतिविधियों में सहभागिता भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है।


विद्यालय भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया।


कलेक्टर ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला दुर्गापाली का भी निरीक्षण किया। पोषण आहार के तहत विद्यार्थियों को केले वितरित किए गए। उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताया तथा विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का अवलोकन किया।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा, नायब तहसीलदार बसना ललित साहू, विद्यालय के प्राचार्य निमंकर पटेल एवं संकुल समन्वयक मनोरंजन साहू उपस्थित रहे।


कलेक्टर के विद्यालय भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा तकनीक के सकारात्मक उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कलेक्टर के प्रेरक संवाद से विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहकर उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश मिला।