एनालॉग पनीर का गोरखधंधा, वैद्य फूड्स सील.. खाद्य एवं औषधि प्रशासन की बड़ी कार्रवाई…
August 20, 2026
संपादक मनोज गोस्वामी
महासमुंद, 20 अगस्त 2026// जिले में एनालॉग पनीर के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा लगातार जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश तथा अभिहित अधिकारी उमेश वर्मा के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों से पनीर एवं अन्य दुग्ध उत्पादों के नमूने लेकर गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है।
इसी क्रम में विगत दिनों वैद्य फूड्स, महासमुंद से पनीर का नमूना लिया गया था। जांच में नमूना असुरक्षित पाए जाने के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए अधिगृहित करीब 300 किलोग्राम एनालॉग पनीर को जमीन में नष्ट कराया। इसके साथ ही संबंधित फैक्ट्री को सील कर दिया गया।
कई प्रतिष्ठानों के नमूने जांच के घेरे में
विभाग के अनुसार इस माह लिए गए नमूनों में क्षीरसागरम स्वीट्स, सरायपाली से पनीर एवं पेड़ा, यश फैमिली रेस्टोरेंट, बागबाहरा से पनीर तथा हर्षद मिष्ठान से पेड़ा की जांच रिपोर्ट अभी लंबित है।
वहीं कश्यप ऑर्गेनिक, बसना से लिए गए पनीर एवं दही के नमूने अवमानक पाए गए हैं। विभाग द्वारा प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। लंबित नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता पर निगरानी
खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए आगे भी जिले में सघन जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।



