रायपुर में 5000 स्कूली बच्चों के साथ निकली भव्य तिरंगा रैली, गूंजा’भारत माता की जय’का नारा
August 11, 2026रायपुर में 5000 स्कूली बच्चों के साथ निकली भव्य तिरंगा रैली, गूंजा ‘भारत माता की जय’ का नारा
रायपुर : 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत स्काउट एवं गाइड छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन में जिला रायपुर में मंगलवार को भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में करीब 5000 स्कूली बच्चों ने भाग लेकर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया।
राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा के आदेश पर आयोजित इस रैली का शुभारंभ बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ा तालाब से हुआ और यह रैली नेताजी सुभाष चंद्र स्टेडियम चौक तक पहुंची।
किसके नेतृत्व में हुई रैली
जिला अध्यक्ष श्री जी स्वामी जी, जिला मुख्य आयुक्त राजीव चक्रवर्ती और जिला आयुक्त व जिला शिक्षा अधिकारी एमजी सतीश के मार्गदर्शन में यह आयोजन हुआ। रैली का नेतृत्व जिला सचिव मृत्युंजय शुक्ला ने किया।
रैली का उद्देश्य
स्काउट गाइड के पदाधिकारियों के अनुसार रैली के माध्यम से कई संदेश दिए गए:
- राष्ट्रीय ध्वज और स्काउट-गाइड का सम्मान
- हर घर तिरंगा अभियान को बढ़ावा
- राष्ट्रीय एकता और सद्भावना की जागरूकता
- राष्ट्र निर्माण के लिए सामुदायिक सेवा की प्रेरणा
- स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि
आयोजकों का कहना है कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय भावना को मजबूत करना और स्वतंत्रता दिवस के आदर्शों समानता, शांति और सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करना था।
कौन-कौन रहे मौजूद
कार्यक्रम में भारत स्काउट गाइड छत्तीसगढ़ राज्य के समस्त प्रभारी, जिला के प्रभारी, सभी विकासखंडों के सचिव सहित विभिन्न स्कूलों से आए प्रभारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। पूरे मार्ग में बच्चों के हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों से माहौल देशभक्तिमय रहा।
यह जानकारी जिला सचिव मृत्युंजय शुक्ला ने दी।

