श्रवण यदु बने स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम शहीद स्मारक स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष स्कूल के विकास और बच्चों को संस्कार देना पहली प्राथमिकता: श्रवण यदु
August 11, 2026रायपुर। रायपुर स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम शहीद स्मारक स्कूल की शाला प्रबंधन समिति का पुनर्गठन किया गया है। केंद्रीय शिक्षा नीति के तहत हुए इस पुनर्गठन में समाजसेवी श्रवण यदु को एसएमसी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
बैठक में समिति के पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई। वरिष्ठ शिक्षाविद संजय जोशी को उपाध्यक्ष, प्राचार्य रमाकांत झा को सचिव और नेहा राठौर को उपाध्यक्ष बनाया गया। सदस्यों में राजेश पांडे, रजनीश पात्रा, संतोष अग्रवाल और सोनू कुर्रेशी को शामिल किया गया। बैठक में श्रवण यदु को अध्यक्ष बनने पर बधाई और शुभकामनाएं दी गईं।
नई समिति की मुख्य जिम्मेदारियां तय की गईं। इसके तहत स्कूल के नियमित कामकाज, शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति, मिड-डे मील की व्यवस्था पर निगरानी रखना, स्कूल विकास योजना तैयार करना और सरकारी अनुदान का पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करना शामिल है। साथ ही आसपास के सभी बच्चों का नामांकन बढ़ाना, ड्रॉपआउट रोकना और अभिभावकों व स्कूल प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना भी समिति का लक्ष्य है।
नवनियुक्त अध्यक्ष श्रवण यदु ने कहा, “मैं एक समाजसेवी हूं और मुझे जो जिम्मेदारी मिली है उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा। स्कूल के विकास कार्य और बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ संस्कार देना हमारी पहली प्राथमिकता है। इससे स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम शहीद स्मारक स्कूल का नाम और रोशन होगा।”
समिति ने स्कूल का निरीक्षण कर व्यवस्था में सुधार के लिए प्रस्ताव भी तैयार करने का निर्णय लिया।


