रायपुर नगर निगम को राज्य सरकार से 149 करोड़ बकाया, सफाई व्यवस्था चरमराई : नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी
June 3, 2026रायपुर, 3 जून 2026। राजधानी रायपुर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ गई है और नगर निगम के सभी 70 वार्डों में कचरा उठाव व नाली सफाई का काम बंद है। इसे लेकर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने राज्य सरकार और महापौर परिषद पर सीधा निशाना साधा है। तिवारी ने कहा कि रायपुर नगर निगम को राज्य सरकार से कुल 149 करोड़ रुपये लेने हैं और अगर यह पैसा समय पर मिल जाता तो राजधानी की सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहती। उन्होंने आरोप लगाया कि आज निगम के पास सफाई कर्मचारियों को वेतन देने तक का पैसा नहीं है और यह ट्रिपल इंजन की सरकार का रायपुर की जनता को तोहफा है कि कभी घर का कचरा नहीं उठेगा तो कभी नालियां साफ नहीं होंगी। नेता प्रतिपक्ष ने बकाया राशि का ब्यौरा देते हुए बताया कि राज्य सरकार से मुद्रांक शुल्क के 100 करोड़ रुपये, अधो संरचना मद के 30 करोड़ रुपये, बार लाइसेंस के 12 करोड़ रुपये, संधारण मद के 3 करोड़ 78 लाख रुपये और चुंगी कर के 3 करोड़ 35 लाख रुपये लेना बाकी हैं। उनका कहना है कि वित्तीय संकट के कारण स्वच्छता दीदियों को समय पर मानदेय नहीं मिल पा रहा है। रामकी कंपनी के हड़ताल पर जाने से घरों का कचरा नहीं उठ रहा और सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से सड़क व नालियों की सफाई ठप है। आकाश तिवारी ने सवाल उठाया कि जब नगर निगम स्वच्छ रायपुर नहीं बना सकता तो जनता से यूजर चार्ज क्यों लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निगम केवल टैक्स बढ़ाने का काम कर रहा है जबकि मूलभूत सुविधाएं देने में नाकाम है। तिवारी ने आरोप लगाया कि महापौर और उनकी परिषद चुप्पी साधे हुए हैं और जिम्मेदार अधिकारी बोलने से बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि रायपुर नगर निगम कौन चला रहा है यह बड़ा सवाल बन गया है। कांग्रेस पार्टी यूजर चार्ज बढ़ाने का विरोध करती है और मांग है कि पहले स्वच्छ और सुंदर रायपुर बनाओ, फिर यूजर चार्ज लगाओ। तिवारी ने कहा कि निगम सफाई जैसे मूलभूत कार्यों को छोड़कर राजधानीवासियों को मुंगेरीलाल के हसीन सपने दिखा रहा है।


