कचरा शुल्क वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का ऐलान: थैलियों में भरकर सांसद-विधायकों के घर भेजेंगे कचरा

कचरा शुल्क वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का ऐलान: थैलियों में भरकर सांसद-विधायकों के घर भेजेंगे कचरा

June 3, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 3 जून 2026

C NS” रायपुर/ रायपुर नगर निगम द्वारा सफाई यूजर चार्ज बढ़ाए जाने के विरोध में कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। पूर्व संसदीय सचिव एवं रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा सरकार पर महंगाई में जनता का “बंटाधार” करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शुल्क वृद्धि वापस नहीं ली गई तो वार्डों का कचरा थैलियों में भरकर सांसदों-विधायकों के घर भेजा जाएगा

विकास उपाध्याय ने क्या कहा
उपाध्याय ने कहा कि राजधानीवासी पहले ही महंगाई से त्रस्त हैं। पिछले 15 दिनों में कई बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े, जमीन गाइडलाइन दरों से घर बनाना मुश्किल हो गया है, छोटे भूखंडों के पंजीयन पर रोक है और गैस सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं। स्कूल फीस और निगम टैक्स भी बढ़ा दिया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वार्डों में सफाई व्यवस्था बदहाल है। नाली-सड़कों पर गंदगी का अंबार है और घरों से कचरा नियमित नहीं उठ रहा। इसके बावजूद यूजर चार्ज में बढ़ोतरी “घोर निंदनीय” है। सफाई कर्मियों की संख्या आधी से भी कम रहती है, जिससे पूरे क्षेत्र की सफाई नहीं हो पाती।

ठेकेदारों से मिलीभगत का आरोप
उपाध्याय ने कहा कि राजधानी के जनप्रतिनिधि आंखें मूंदे बैठे हैं क्योंकि ठेकेदारों से उन्हें “मोटी कमाई” हो रही है। उन्होंने मांग की कि बिना शुल्क बढ़ाए कचरा प्रबंधन दुरुस्त किया जाए।

कांग्रेस की चेतावनी
विकास उपाध्याय ने कहा कि यदि मांग नहीं मानी गई तो कांग्रेस पार्टी आम जनता और वरिष्ठ जनों के साथ सड़क पर उतरेगी। वार्डों से निकलने वाला कचरा थैलियों और बोरियों में भरकर जनप्रतिनिधियों के घर-घर पहुंचाया जाएगा।