रायपुर में यूजर चार्ज वृद्धि पर बवाल, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने महापौर की चुप्पी पर उठाए सवाल

रायपुर में यूजर चार्ज वृद्धि पर बवाल, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने महापौर की चुप्पी पर उठाए सवाल

June 2, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 2 जून 2026
राजधानी रायपुर में नगर निगम द्वारा यूजर चार्ज में की गई वृद्धि को लेकर सियासत गरमा गई है। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने महापौर के फैसले को जनविरोधी बताते हुए कड़ा विरोध जताया है।

तिवारी ने कहा कि संपत्तिकर के साथ वसूले जाने वाले मासिक यूजर चार्ज में ₹10 से ₹30 तक की वृद्धि आवासीय और व्यावसायिक स्थलों पर की गई है। यह वृद्धि ऐसे समय की गई है जब राजधानी में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।

“शहर में गंदगी, नालियां बजबजा रही हैं”
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि एक ओर राजधानी में चारों ओर गंदगी पसरी है, नालियां जाम हैं और घरों से कचरा तक नहीं उठ पा रहा है, वहीं दूसरी ओर निगम प्रशासन यूजर चार्ज बढ़ाकर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रहा है। “स्वच्छता के नाम पर केवल दीवारों पर पेंटिंग कर लाखों रुपये बर्बाद किए जा रहे हैं, जबकि धरातल पर सफाई की स्थिति बेहद खराब है,” तिवारी ने कहा।

“हमारी परिषद में नहीं बढ़ने दिया यूजर चार्ज”
आकाश तिवारी ने याद दिलाया कि जब नगर निगम में कांग्रेस की परिषद थी, तब यूजर चार्ज को बढ़ने नहीं दिया गया था। उन्होंने महापौर और उनकी परिषद से इस निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की।

“महंगाई के दौर में जनता के साथ छलावा”
तिवारी ने कहा कि आम जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। ऐसे में यूजर चार्ज बढ़ाना राजधानीवासियों के साथ अन्याय और छलावा है। कांग्रेस पार्टी इस फैसले का पुरजोर विरोध करेगी।

नेता प्रतिपक्ष ने महापौर की चुप्पी पर भी सवाल उठाए और कहा कि निगम को पहले रायपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाना चाहिए, उसके बाद ही शुल्क बढ़ाने पर विचार करना चाहिए। फिलहाल ‘ट्रिपल इंजन की सरकार’ का यह तोहफा जनता को परेशान कर रहा हैl