मितानिनों का बलराम कांत साहू ने किया सम्मान, राधा ने बढ़ाया उत्साह…

मितानिनों का बलराम कांत साहू ने किया सम्मान, राधा ने बढ़ाया उत्साह…

November 23, 2025 0 By Central News Service

महासमुंद 23 नवंबर 2025/ जनसेवा और सामाजिक स्वास्थ्य सुरक्षा की रीढ़ मानी जाने वाली मितानिनों के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए आज तुमगांव नगर पंचायत में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलराम कांत साहू ने अपने निवास पर क्षेत्र की सभी मितानिन बहनों को आमंत्रित कर शाल और श्रीफल भेंट कर उनका गरिमामय सम्मान किया।

मितानिनों के अथक प्रयास और सामाजिक सेवा की सराहना करते हुए साहू ने कहा कि “मितानिन बहनें घर-घर पहुंचकर जिस तरह स्वास्थ्य सुविधाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाती हैं, वह वास्तव में प्रेरणादायी और समाज के लिए पूजनीय कार्य है। सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में उनका योगदान अविस्मरणीय है।”

कार्यक्रम में उपस्थित मितानिनों का उत्साह और बढ़ा जब नगर पंचायत अध्यक्ष की धर्मपत्नी श्रीमती राधा साहू ने सभी के साथ केक काटकर मितानिन दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि “मितानिनें सिर्फ स्वास्थ्य कर्मी नहीं, बल्कि हर परिवार की आशा और संकट की घड़ी में सबसे पहले पहुंचने वाली सच्ची स्वजन होती हैं। इनके समर्पण को जितनी बार सम्मानित किया जाए, कम है।

इस अवसर पर सभी मितानिनों ने भी नगर पंचायत अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह से उन्हें और अधिक प्रेरणा मिलती है कि वे आगे भी निस्वार्थ भाव से कार्य करती रहें।

कार्यक्रम में क्षेत्र की कई मितानिन बहनों ने टीकाकरण, पोषण, मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य, बीमारियों की रोकथाम सहित अपने अनुभव और चुनौतियों को साझा किया। वहीं अध्यक्ष साहू ने भरोसा दिलाया कि नगर पंचायत क्षेत्र में मितानिनों की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।

उक्त कार्यक्रम में नगर पंचायत के सभी सभापति शत्रुहन निषाद रोहित साहू चोवा तान्डेकर रामशरण निर्मलकर गौरी साहू लता यादव उपस्थित थे।