
भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष के लिए किरण सिंहदेव पर पार्टी ने जताया भरोसा, बने रहेंगे प्रदेश अध्यक्ष.. अधिकारिक घोषणा आज…..
January 17, 2025संपादक मनोज गोस्वामी
रायपुर 17 जनवरी 2025/ भारतीय जनता पार्टी ने विधायक किरण सिंहदेव को एक बार फिर छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया है। आज शुक्रवार को उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए तीन नामांकन दाखिल किए गए थे, जो सभी किरण सिंहदेव के नाम से थे, जिसके बाद उन्हें दोबारा अध्यक्ष चुना गया।
निर्वाचन अधिकारी खूबचंद पारख ने चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि 36 संगठन जिलों के एक तिहाई जिले के अध्यक्षों ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। प्रत्येक आवेदन के साथ दो प्रस्तावक और दो समर्थक शामिल थे। इस प्रकार 12 जिलों से प्रदेश अध्यक्ष के लिए तीन नामांकन दाखिल हुए और तीनों ही नामांकन किरण सिंहदेव के नाम से थे। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन और भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी भी मौजूद थे।

किरण सिंहदेव पर पार्टी ने जताया भरोसा
किरण सिंहदेव को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष 21 दिसंबर 2023 को मनोनीत किया गया था। यह उनका पहला मनोनयन था, जबकि इस बार उन्हें निर्वाचित किया जाएगा। पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है क्योंकि उनके नेतृत्व में भाजपा ने कई महत्वपूर्ण रणनीतियाँ बनाई हैं और कार्यकर्ताओं को संगठित किया है। उनके प्रयासों से पार्टी की विचारधारा घर-घर तक पहुंची है।
कौन हैं किरण सिंहदेव ?
किरण सिंहदेव जगदलपुर से पहली बार विधायक निर्वाचित हुए हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें जगदलपुर से टिकट दिया गया था और उन्होंने कांग्रेस के जतिन जैसवाल को हराकर जीत दर्ज की। किरण सिंहदेव कई सालों से भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। 1998 से 2000 तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष, 2002 से 2005 तक जिला अध्यक्ष, 2005 से 2009 तक प्रदेश महामंत्री और 2014 तक प्रदेश कार्य समिति के सदस्य रहे हैं।

