
राजधानी में टीकाकरण की रफ्तार बढ़ेगी , अधिकारियों को घर-घर सर्वे करने के निर्देंश..
September 8, 2021रायपुर।राजधानी रायपुर में करीब 80 प्रतिशत नागरिकों ने कोविड वैक्सीन का पहला डोज लगवा लिया है। अभी भी करीब 20 प्रतिशत नागरिकों ने टीकाकरण नहीं कराया है। कलेक्टर सौरभ कुमार ने टीकाकरण की गति बढ़ाने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों को घर-घर सर्वे कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि टीकाकरण के लिए शेष बचे लगभग 20 प्रतिशत लोगों की जानकारी संकलित करें। अगर टीकाकरण के संबंध में कोई भ्रम है तो निवारण में बूथ लेवल अधिकारियों की बड़ी भूमिका है।
जिले में अभी तक करीब 14 लाख नागरिकों ने कोविड टीकाकरण प्रथम डोज लगवाया है। करीब 5 लाख नागरिकों ने टीके का दूसरा डोज भी लगवा लिया है। कलेक्टर ने सभी पात्र नागरिकों से कोविड टीकाकरण कराने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है। टीकाकरण का कार्य रायपुर जिले के करीब 180 टीकाकरण केन्द्रों में रविवार और अवकाश के दिनों सहित प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाता है। शासकीय टीकाकरण केन्द्रों में टीका निशुल्क लगाया जाता है।