संविधान दिवस पर छात्राओं ने जाना अधिकार और कर्तव्य, रंगोली, क्विज और नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश
November 26, 2026रायपुर // श्रीमती प्रमिला गोकुलदास डागा कन्या महाविद्यालय में संविधान दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आयोजन NSS विभाग एवं राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम का संचालन NSS अधिकारी तिजेश्वरी साहू ने किया।
मुख्य वक्ता राजनीति विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक नीलू शुक्ला रहीं। उन्होंने छात्राओं को भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल सिद्धांतों तथा नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
इस अवसर पर छात्राओं को संविधान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई और संविधान विषय पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रंगोली में दिखी रचनात्मकता
रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने आकर्षक और रचनात्मक रंगोलियां बनाईं। निर्णायक की भूमिका सहायक प्राध्यापक कुनिका शर्मा, विशाखा एवं रिया ताम्रकार ने निभाई। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश
कार्यक्रम में NSS स्वयंसेवकों ने संविधान के महत्व और संवैधानिक मूल्यों पर आधारित नुक्कड़ नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में संविधान के प्रति जागरूकता और लोकतांत्रिक कर्तव्यों के प्रति समझ विकसित करना था।


