रिसाली को मिली 101 करोड़ की सौगात, CM विष्णु देव साय ने की पेयजल के लिए 134 करोड़ की बड़ी घोषणा

रिसाली को मिली 101 करोड़ की सौगात, CM विष्णु देव साय ने की पेयजल के लिए 134 करोड़ की बड़ी घोषणा

November 24, 2026 0 By Central News Service

रिसाली (दुर्ग) // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रिसाली नगर निगम में 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में उन्होंने पेयजल व्यवस्था के लिए 134 करोड़ रुपए और सभी 40 वार्डों में नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपए की घोषणा की। साथ ही नेवई और जोरातराई में मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपए देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप डबल इंजन सरकार शहरों को आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार और रोजगार के सशक्त केंद्र बना रही है। केंद्र की योजनाओं और राज्य की मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना से नगरीय विकास को नई गति मिल रही है।

क्या-क्या मिला रिसाली को –

  • नगर निगम के 22 कार्यों का भूमिपूजन – 29 करोड़ 55 लाख
  • 2 कार्यों का लोकार्पण – 39 करोड़ 56 लाख
  • लोक निर्माण विभाग का 1 कार्य – 28 करोड़ 6 लाख
  • मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के 4 कार्य – 3 करोड़ 84 लाख
  • आजाद मार्केट से प्रगति नगर होते हुए मैत्री कुंज तक नाला निर्माण – 10 करोड़ 84 लाख
  • डीपीएस चौक से जोहार चौक तक सड़क विकास – 5 करोड़ 59 लाख
  • वार्ड 18 में ओवरहेड टैंक – 1 करोड़ 95 लाख
  • मैत्री नगर में उद्यान, स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट – 1 करोड़ 65 लाख
  • CSVTU नेवई में आवासीय भवन, छात्रावास, वर्कशॉप – 28 करोड़ 7 लाख

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में रिसाली को पीएम ई-बस सेवा से भी जोड़ा जाएगा।

मोदी की गारंटी का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि 18 लाख आवासों की व्यवस्था में 12 लाख मकान पूरे हो चुके हैं। महतारी वंदन योजना से 68 लाख महिलाओं को हर माह सहायता मिल रही है, 33 किस्तें जारी हो चुकी हैं। धान खरीदी 15 नवंबर से 3100 केंद्रों में शुरू हो गई है, 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक खरीदी हो रही है। 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी अंतर की आदान सहायता राशि दी जाएगी।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा – रिसाली के विकास में धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।

कार्यक्रम में 95 हितग्राहियों को सहायता राशि, चेक, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया।

इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, रिकेश सेन, दुर्ग महापौर अलका बाघमार, रिसाली महापौर शशि सिन्हा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।