राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री साय ने भजन-कीर्तन में बजाया मंजीरा, 62 कीर्तन मंडलियों को आर्थिक सहायता की घोषणा
November 23, 2026रायपुर, 22 नवंबर 2026 // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला में ईब नदी के तट पर स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर (कंवर धाम) में आयोजित कार्तिक मास के भजन-कीर्तन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी एवं कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल्या साय के साथ भगवान श्री राधा-कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय और कौशल्या साय ने श्रद्धालुओं एवं कीर्तन मंडलियों के साथ मंजीरा बजाकर भजन-कीर्तन में सहभागिता की।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर क्षेत्र की सभी 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, वेशभूषा एवं अन्य आवश्यक सामग्री क्रय करने के लिए शासन की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भजन-कीर्तन हमारी समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। इन परंपराओं को जीवंत बनाए रखने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
उल्लेखनीय है कि ग्राम पमशाला स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में 27 अक्टूबर से कार्तिक मास के अवसर पर प्रतिदिन सुबह 8 बजे और शाम 5 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें क्षेत्र की 62 कीर्तन मंडलियां पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता कर रही हैं। महीने भर चलने वाले इस धार्मिक आयोजन का समापन 24 नवंबर को होगा।
परोपकार और सेवा में ही मानव जीवन की सार्थकता
मुख्यमंत्री साय ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ और अनमोल है। इसकी वास्तविक सार्थकता दूसरों के काम आने, जरूरतमंदों की सहायता करने और समाज के कल्याण के लिए कार्य करने में है। दूसरों के दुख-दर्द को समझना और उनकी पीड़ा दूर करने का प्रयास करना ही सबसे बड़ा धर्म है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी धार्मिक परंपराएं केवल आस्था और पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे हमें सेवा, सद्भाव, परोपकार और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी देती हैं।
जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना ऐतिहासिक उपलब्धि
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने ही जिले में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास और संत गहिरा गुरु महाराज के योगदान को भी याद किया।
मोदी की गारंटी को धरातल पर उतार रही प्रदेश सरकार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आम लोगों की छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की सुविधा शुरू की गई है, जिस पर 24 घंटे, सातों दिन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कीर्तन मंडलियों के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।


