बड़ी साजिश के तहत लाठी-डंडों से पीट-पीटकर दामाद को उतारा मौत के घाट; ससुर और साले समेत 4 गिरफ्तार…
November 13, 2026
संपादक मनोज गोस्वामी
महासमुंद, 13 नवंबर 2026// छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां मकान के विवाद को लेकर एक दामाद की उसके ही ससुराल वालों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान दीपक ठाकुर के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ससुर, दो साले और एक साली समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
साजिश के तहत बुलाया था ससुराल
जानकारी के अनुसार, दीपक ठाकुर ने करीब नौ साल पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही मकान को अपने नाम कराने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी विवाद के कारण दीपक की पत्नी कुछ समय पहले अपने मायके (नवापारा) चली गई थी। आरोप है कि 11 नवंबर की रात ससुराल पक्ष के लोगों ने सोची-समझी साजिश के तहत मच्छरदानी मंगाने के बहाने दीपक को नवापारा स्थित अपने घर बुलाया।
लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से किया जानलेवा हमला
जैसे ही दीपक अपने ससुराल पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे ससुर दूजराम सेन, साले लक्ष्मण सेन व मनीष सेन और साली कुमकुम सेन ने उस पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे करीब आधे घंटे तक बेरहमी से पीटा, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, वीडियो हुआ था वायरल
गंभीर हालत में दीपक को पहले महासमुंद जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया।
वह वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा था, लेकिन आखिरकार इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दीपक की मौत के बाद अब पुलिस इस मामले में हत्या की धाराएं जोड़कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।




