बैलेट पेपर की दुहाई देने वाली कांग्रेस बैलेट से भी खाता नहीं खोल पाई : मुख्यमंत्री साय
October 29, 2026रायपुर। चार राज्यों में हुए विधान परिषद चुनावों के नतीजों पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर तीखा कटाक्ष किया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बार-बार बैलेट पेपर से चुनाव कराने की दुहाई देने वाली कांग्रेस को बैलेट पेपर से हुए चुनाव में भी करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की 28 विधान परिषद सीटों के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल पाई। खासतौर पर कर्नाटक में अपनी सरकार होने के बावजूद कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत सकी।
साय ने सवाल उठाया कि चुनावी हार पर बार-बार मतदान प्रक्रिया को कठघरे में खड़ा करने वाली कांग्रेस अब अपनी इस पराजय के लिए किसे दोष देगी?
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को अपनी विफलताओं का ठीकरा EVM या बैलेट पर फोड़ने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए। चुनाव EVM से हो या बैलेट पेपर से, जीत के लिए जनता का विश्वास जरूरी है, झूठे आरोप और शोर-शराबा नहीं।

