YUVA CAIT का स्वदेशी संदेश, 21,000 मिट्टी के दीये बांटकर बढ़ाया कारीगरों का सम्मान
October 28, 2026रायपुर। दीपावली पर्व पर YUVA CAIT छत्तीसगढ़ ने आज जयस्तंभ चौक, रायपुर में 21,000 मिट्टी के दीयों का वितरण कर स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया।
YUVA CAIT प्रदेश अध्यक्ष कांति पटेल, महामंत्री रतनदीप सिंह और कोषाध्यक्ष भरत भूषण गुप्ता ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य स्थानीय कुम्हारों के परिश्रम को सम्मान देना और उन्हें आर्थिक सहयोग के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी ने अपील की कि इस दीपावली विदेशी और कृत्रिम सजावटी उत्पादों के बजाय मिट्टी के पारंपरिक दीयों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा – मिट्टी का छोटा-सा दीया न केवल घर को रोशन करता है, बल्कि किसी स्थानीय कारीगर के परिवार में भी खुशियों की रोशनी लाता है। स्वदेशी केवल विचार नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का संकल्प है।
YUVA CAIT ने संदेश दिया कि दीपावली का उत्सव तभी सार्थक होगा जब खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचें और कारीगरों के घरों में भी समृद्धि के दीप जलें।
इस अवसर पर परमानंद जैन, सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, अवनीत सिंह, भरत जैन, कैलाश खेमानी, जय नानवानी, हीरा माखीजा सहित कैट, युवा कैट, महिला कैट और ट्रांसपोर्ट कैट के पदाधिकारी मौजूद रहे।


