राज्योत्सव में आसमान पर दिखेगा वायुसेना के शौर्य का रोमांच, सारंग टीम ने CM साय से की मुलाकात

राज्योत्सव में आसमान पर दिखेगा वायुसेना के शौर्य का रोमांच, सारंग टीम ने CM साय से की मुलाकात

October 28, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में भारतीय वायुसेना की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने सौजन्य मुलाकात की। टीम ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया।

मुख्यमंत्री साय ने टीम का छत्तीसगढ़ की धरा पर आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर सारंग टीम का आगमन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

2 नवंबर को नवा रायपुर में भव्य एयर शो –
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में सुबह 11 बजे से भव्य एयर शो होगा। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टर हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। टीम में दो महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और अक्षया भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों से होने वाला यह प्रदर्शन आत्मनिर्भर भारत और भारत की बढ़ती तकनीकी सामर्थ्य का परिचय देगा। यह आयोजन युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का संकल्प मजबूत करेगा।

उन्होंने कहा कि दो महिला पायलटों की सहभागिता प्रदेश की बेटियों को ऊंचे सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देगी। आज बेटियां रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।

ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कहा कि सारंग दुनिया की चुनिंदा तीन हेलीकॉप्टर एयरोबैटिक टीमों में से एक है। हमारा उद्देश्य सिर्फ करतब दिखाना नहीं, बल्कि युवाओं को साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करना भी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास और प्रेस अधिकारी आलोक सिंह उपस्थित थे।