यातायात ड्यूटी के साथ अपराध पकड़ने वाले 13 पुलिसकर्मी सम्मानित, कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने दिया प्रशस्ति पत्र
October 15, 2026रायपुर। यातायात व्यवस्था के साथ-साथ अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले यातायात पुलिस के 13 अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने प्रशस्ति पत्र और नगद इनाम देकर सम्मानित किया।

पिछले एक सप्ताह में 4 अलग-अलग प्रकरणों में इन पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाई थी।
प्रकरण 1 – लावारिस नवजात को अस्पताल पहुंचाया
13 अक्टूबर को राज्यपाल के प्रवास के दौरान राजेंद्र नगर अंडरब्रिज में ड्यूटी पर तैनात निरीक्षक गोविंद प्रसाद यादव, प्रधान आरक्षक कुलेश्वर राजपूत, आरक्षक सुनील क्षत्रीय, गोपाल सिंह राजपूत और विजय कुमार सेन ने मदर टेरेसा मिशनरीज के गेट के पास नवजात को लावारिस छोड़कर भाग रहे व्यक्ति को पकड़ा। नवजात को तुरंत नवकार हॉस्पिटल में भर्ती कराया। आरोपी रफीक शेख निवासी गोंदिया को टिकरापारा थाने को सौंपा गया।

प्रकरण 2 – मोबाइल और 700 रुपए छीनने वाला पकड़ा
14 अक्टूबर को भनपुरी थाने के प्रधान आरक्षक विजय मार्कण्डेय, भरथरी बंजारे, संदीप राठौर और सतीश वर्मा ने बंजारी मंदिर के पास बिना नंबर प्लेट की बाइक CG 07BX 4795 को रोका। इसी दौरान प्रार्थी धनीराम चंद्रा ने बताया कि बाइक चालक ने उसका मोबाइल और 700 रुपए छीन लिए हैं। तलाशी में मोबाइल मिला और आरोपी करण पाल को खमतराई पेट्रोलिंग को सौंपा गया।
प्रकरण 3 – चोरी का मोबाइल बरामद
14 अक्टूबर को पंडरी क्षेत्र में निरीक्षक अमित पद्मशाली, प्रधान आरक्षक श्रीकांत मिश्रा और आरक्षक रमेंद्र वर्मा ने पंडरी शराब दुकान के पास नकली शराब बेचने की सूचना पर एक संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी में 15 हजार कीमत का रेडमी मोबाइल मिला, जो चोरी का निकला। आरोपी को देवेंद्र नगर पेट्रोलिंग को सौंपा गया।
प्रकरण 4 – उर्स मेले में चाकू लहराने वाला ई-रिक्शा चालक पकड़ा
8 अक्टूबर को एवरग्रीन चौक में उर्स मेले की ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ललित कुमार साहू ने चाकू लहराकर डराने वाले ई-रिक्शा चालक को दौड़ाकर पकड़ा और गोलबाजार थाने को सौंपा।
इस अवसर पर कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि यातायात पुलिस का मुख्य काम यातायात व्यवस्था है, लेकिन ड्यूटी के दौरान अपराध पर तत्काल कार्रवाई करना सतर्कता का परिचायक है। कार्यक्रम में एडिशनल कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले और डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा मौजूद रहीं।

