किसानों की खुशहाली और समृद्धि हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता :सी एम साय
October 15, 2026किसानों की खुशहाली और समृद्धि हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
नुआखाई कृषि संस्कृति, अन्नदाता के परिश्रम और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व : मुख्यमंत्री
रायपुर / रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि किसानों की खुशहाली और समृद्धि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और संस्कृति के केंद्र में हमारे अन्नदाता हैं। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री बुधवार को रायगढ़ के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। समाजजनों ने पारंपरिक गजमाला पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने माँ रणेश्वरी रामचण्डी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
80 लाख के सामुदायिक भवनों की घोषणा
मुख्यमंत्री ने समाज की मांग पर ग्राम कोतरलिया के चंडी डोंगरी में सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन के लिए 30 लाख रुपए और नगर पंचायत पुसौर में कोलता समाज के मंगल भवन के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की। साथ ही बाउंड्रीवॉल निर्माण की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि नुआखाई हमारी समृद्ध कृषि संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह नई फसल के स्वागत, अन्नदाता के परिश्रम के सम्मान और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का उत्सव है। ऐसे पर्व हमारी परंपराओं को जीवंत रखते हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं।
केलो परियोजना से खेतों तक पहुंचेगा पानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायगढ़ अंचल के किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए केलो परियोजना का कार्य प्रारंभ किया गया है। यह किसानों के लिए वरदान सिद्ध होगी। प्रदेश में विकास को नई गति देने के लिए 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की नई परियोजनाएं शुरू की गई हैं।
प्रतिदिन बन रहे 1600 पीएम आवास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के पक्के घर के सपने को तेजी से साकार किया जा रहा है। पीएम आवास योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन लगभग 1,600 आवासों का निर्माण हो रहा है। पक्का घर केवल चार दीवारें नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का आधार है।
सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा कार्यसंस्कृति
उन्होंने कहा कि सरकार ने सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा को अपनी कार्यसंस्कृति का आधार बनाया है। नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए सुशासन एवं अभिसरण विभाग, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्र जैसी व्यवस्थाएं शुरू की गई हैं। पीएम मोदी की गारंटी के अनुरूप सरकार ने ढाई वर्षों में अधिकांश वादों को पूरा किया है।
नक्सलवाद के विरुद्ध ऐतिहासिक सफलता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में ऐतिहासिक सफलता मिली है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, सुरक्षा बलों के साहस और जनता के सहयोग से बस्तर में शांति का नया वातावरण बना है। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए 15 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं।
प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान
समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया और कहा कि शिक्षा प्रगति का सबसे सशक्त माध्यम है। युवा अपनी प्रतिभा से परिवार, समाज और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें। समाज द्वारा प्रतिभाओं का सम्मान करने की परंपरा सराहनीय है।
कोलता समाज की संस्कृति अनुकरणीय : ओपी चौधरी
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने कहा कि कोलता समाज के लोग अपनी ईमानदारी, सज्जनता और परिश्रम के लिए जाने जाते हैं। समाज की गौरवशाली संस्कृति प्रेरणास्रोत है। उन्होंने रायगढ़ में हो रहे विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और बेलरिया में विधायक निधि से 25 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन बनवाने की घोषणा की।
लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने भी नुआखाई की शुभकामनाएं दीं और शिक्षा व संस्कार पर जोर दिया।
इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार, अरुणधर दीवान, गुरुपाल भल्ला, सुभाष पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने समाज प्रमुखों के साथ नुआखाई का पारंपरिक भोजन भी ग्रहण किया।


