गन्ना किसानों के हित में बड़ा निर्णय: अब 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से होगी गन्ने की खरीदी
October 10, 2026रायपुर, 10 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के गन्ना किसानों के हित में बड़ा निर्णय लिया है। अब प्रदेश के शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी।
मुख्यमंत्री से आज भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित पदाधिकारी शामिल रहे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद थे।
बैठक में गन्ना किसानों के मुद्दे पर चर्चा के बाद मुख्यमंत्री ने त्वरित निर्णय लेते हुए दर बढ़ाने का ऐलान किया। पेराई सत्र 2025-26 में की गई खरीदी का भुगतान भी बढ़ी हुई दर पर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अन्नदाता की खुशहाली और खेती को लाभकारी बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिले, इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है। खेती मजबूत होगी तो गांव मजबूत होंगे और गांवों से ही समृद्ध छत्तीसगढ़ बनेगा।
भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने इस किसान हितैषी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि इससे गन्ना उत्पादकों को सीधा लाभ मिलेगा।


