सेवा संकल्प अभियान से आम लोगों को मिल रहा योजनाओं का सीधा लाभ – देवेंद्र चंद्राकर
October 9, 2026संपादक मनोज गोस्वामी
महासमुंद 09 अक्टूबर 2026// भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री देवेंद्र चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ चलाया जा रहा सेवा संकल्प अभियान आम जनता के लिए वरदान साबित हो रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक आसान और सुलभ रूप से पहुंचाना है ताकि कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे।
चंद्राकर ने कहा कि अभियान के तहत जिले के सभी मंडलों, ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, पेंशन योजना, आधार अपडेट, किसान क्रेडिट कार्ड, स्वाइल हेल्थ कार्ड और विकसित भारत संकल्प से जुड़ी अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर दिया जा रहा है। लोगों को अब योजनाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। अधिकारी और जनप्रतिनिधि स्वयं शिविरों में पहुंचकर समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल शिविर नहीं बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास का सेतु है। शिविरों में किसानों को खाद-बीज, फसल बीमा और कृषि योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। युवाओं को रोजगार और कौशल विकास योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। महिलाओं को स्व-सहायता समूह और मुद्रा योजना से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए पेंशन और सहायक उपकरणों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
देवेंद्र चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बने और यह तभी संभव होगा जब हर व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं और शिविरों तक ला रहे हैं। रंगोली, दीप प्रज्वलन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों में देशभक्ति और सेवा भावना का संचार भी किया जा रहा है। यह अभियान लोगों को शासन से जोड़ने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम बन गया है।



