एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान ने पकड़ी रफ्तार…बागबाहरा वन विभाग का नया कीर्तिमान, घुंचापाली स्कूल में 70 पौधों का रोपण…

एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान ने पकड़ी रफ्तार…बागबाहरा वन विभाग का नया कीर्तिमान, घुंचापाली स्कूल में 70 पौधों का रोपण…

August 27, 2026 0 By Central News Service

बागबाहरा 27 अगस्त 2026// पर्यावरण संरक्षण और हरियाली संवर्धन के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत बागबाहरा वन विभाग द्वारा लगातार पौधरोपण एवं पौधा वितरण का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में वन परिक्षेत्र बागबाहरा के ग्राम घुंचापाली स्थित चंडी मंदिर परिसर एवं शासकीय स्कूल में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 70 फलदार एवं छायादार पौधे रोपे गए।

पौधरोपण कार्यक्रम बागबाहरा वन परिक्षेत्र अधिकारी (RFO) नवीन वर्मा के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान बागबाहरा SDM शुभम देव, ग्राम घुंचापाली की सरपंच देव बरिहा सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, SDM कार्यालय के कर्मचारी, शिक्षक, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे। अधिकारियों और विद्यार्थियों ने साथ मिलकर विद्यालय परिसर एवं चंडी मंदिर परिसर में पौधरोपण किया।

वन परिक्षेत्र अधिकारी नवीन वर्मा ने बताया कि बागबाहरा वन परिक्षेत्र द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक क्षेत्र में आमजन, विभिन्न संस्थाओं एवं ग्राम पंचायतों को 40 हजार से अधिक पौधों का वितरण किया जा चुका है। इनमें नीम, पीपल, करंज, आम, बहेड़ा, आंवला, महुआ, कोसम, बेल और शीशम जैसी फलदार, औषधीय एवं छायादार प्रजातियां शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र की करीब 20 से 25 ग्राम पंचायतों ने अपने लेटर पैड पर आवेदन देकर पौधों की मांग की है। वन विभाग द्वारा पंचायतों की मांग के अनुरूप प्राथमिकता से पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

पौधरोपण के दौरान स्कूली बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने अधिकारियों के साथ पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। SDM शुभम देव एवं सरपंच देव बरिहा ने वन विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, हरियाली और बेहतर पर्यावरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने आमजन, विद्यार्थियों और ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।

बागबाहरा वन विभाग द्वारा पौधों के वितरण के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कर जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। विभाग की यह पहल क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करने का प्रभावी माध्यम बन रही है।