स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन ने… 146 स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में स्मारक निर्माण कि मांग पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव को ज्ञापन सौंपा….
August 24, 2026
संपादक मनोज गोस्वामी
महासमुंद 24 अगस्त 2026// छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव के महासमुंद प्रवास पर अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन, जिला महासमुंद ने शहीद वीर नारायण सिंह परिसर में जिले के 146 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में प्रस्तावित स्मारक निर्माण के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत करने की मांग की है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि महासमुंद जिला स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की गौरवशाली परंपरा का साक्षी रहा है। जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपना अमूल्य योगदान दिया तथा त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की मिसाल कायम की। आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से शहीद वीर नारायण सिंह परिसर में 146 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में मूर्ति स्थापना प्रस्तावित है।

संगठन ने मूर्ति स्थापना स्थल पर उचित सड़क निर्माण के साथ पेवर ब्लॉक आदि लगाने की आवश्यकता भी बताई है, ताकि परिसर सुरक्षित, सुविधाजनक और आमजन के उपयोग के लिए बेहतर बनाया जा सके। ज्ञापन में इन कार्यों के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया गया है।
संगठन ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में बनने वाला यह स्मारक महासमुंद जिले के लिए गौरव का विषय होगा और नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के नायकों के त्याग एवं योगदान से परिचित कराने का माध्यम बनेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन के जिलाध्यक्ष नारायण नामदेव सहित संरक्षक श्रीधर चंद्राकर, महामंत्री कुबेरप्रकाश गिरी, संगठन मंत्री बसंत चंद्राकर, सच्चिदानंद चंद्राकर, सुभाष पोद्दार, सतीश चंद्राकर, शेषनारायण नामदेव, मनोहर महंती, चैतन्य शंकर शर्मा, आनंद गिरी गोस्वामी, मनोज गिरी , रोमांतक गिरी आदि शामिल थे।




