भव्य”स्वतंत्रता दौड़” का आयोजन, 800 स्काउट-गाइड और स्कूली छात्र शामिल

भव्य”स्वतंत्रता दौड़” का आयोजन, 800 स्काउट-गाइड और स्कूली छात्र शामिल

August 14, 2026 0 By Central News Service

रायपुर : देशभक्ति और एकता का संदेश देते हुए भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ रायपुर द्वारा शुक्रवार सुबह “स्वतंत्रता दौड़” एवं भव्य रैली का आयोजन किया गया।

भारत स्काउट एवं गाइड छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा के आदेशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में जिला संघ रायपुर के जिला अध्यक्ष श्री जी स्वामी, जिला मुख्य आयुक्त श्री राजीव चक्रवर्ती, जिला आयुक्त एवं जिला शिक्षा अधिकारी एम जी सतीश नायर के मार्गदर्शन में तथा जिला सचिव मृत्युंजय शुक्ला और संयोजक उदय मुकदम के नेतृत्व में 800 से अधिक भारत स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राएं और स्कूली विद्यार्थियों ने भाग लिया।

उद्देश्य देशभक्ति जगाना
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में देश भक्ति और राष्ट्र प्रेम की भावना विकसित करना, एकता, अनुशासन और भाईचारे को बढ़ावा देना था। साथ ही विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूक करना, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करना और राष्ट्रीय ध्वज तथा राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना उत्पन्न करना भी इसका लक्ष्य रहा।

शहीद भगत सिंह चौक से शंकर नगर तक रैली
आज प्रातः 7:30 बजे शहीद भगत सिंह चौक से दौड़ शुरू होकर शंकर नगर तक संपन्न हुई। तिरंगा हाथों में लिए स्काउट-गाइड और स्कूली बच्चों की इस रैली ने पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बना दिया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।

इस संबंध में जानकारी जिला सचिव मृत्युंजय शुक्ला ने दी।