भाजपा का नया फार्मूला: पहले वंदन, फिर वसूली कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर को दिया ‘महतारी वंदन वसूली मीटर’ का नाम, चलाया बदलने का अभियान
July 28, 2026रायपुर, 28 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ में महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर को लेकर सियासत तेज हो गई है। सोमवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में स्मार्ट मीटर बदलवाने का अभियान शुरू किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्मार्ट मीटर को “महतारी वंदन वसूली मीटर” नाम दिया और आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिलाओं को सम्मान देने के नाम पर उनसे बिजली बिल के जरिए कई गुना वसूली कर रही है।
पूर्व संसदीय सचिव एवं छाया सांसद विकास उपाध्याय ने रायपुर में आयोजित विरोध प्रदर्शन में कहा कि 10-15 हजार रुपये कमाने वाले परिवार का पूरा बजट बिगड़ गया है। उनका कहना था कि पहले 1000-1500 रुपये आने वाला बिजली बिल अब 5 से 7 गुना बढ़कर आ रहा है। इसके कारण लोगों को बाजार से कर्ज लेकर ब्याज सहित बिल भरना पड़ रहा है।
उपाध्याय ने आरोप लगाया कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को 1000 रुपये देकर उसकी वसूली बिजली बिल के माध्यम से की जा रही है। उन्होंने कहा, “भाजपा का नया फार्मूला है, पहले वंदन फिर वसूली। सरप्लस बिजली वाला राज्य होने के बावजूद जनता को महंगे बिल का झटका दिया जा रहा है। स्मार्ट मीटर के नाम पर सीधे जनता को लूटा जा रहा है और अडानी को फायदा पहुंचाया जा रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि बढ़े हुए बिजली बिल से वसूले गए पैसे का इस्तेमाल भाजपा अन्य प्रदेशों में सांसद-विधायक खरीदने, विपक्षी दलों को तोड़ने और अपने बड़े-बड़े कार्यालयों की साज-सज्जा में कर रही है। उपाध्याय ने बताया कि कांग्रेस पहले से ही महंगी बिजली दर के खिलाफ पूरे प्रदेश में आंदोलन कर रही है। अब लोगों की सहमति से स्मार्ट मीटर निकलवाने के लिए फॉर्म भी भरवाए जा रहे हैं।
विकास उपाध्याय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के उपभोक्ता पहले से ही महंगी दर, लो वोल्टेज और अघोषित कटौती से परेशान हैं। पहले “बिजली बिल हाफ” योजना में 400 यूनिट तक छूट मिलती थी, उसे भी बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के 5 सालों में इस योजना से हर घर में लाखों रुपये की बचत हुई थी।
उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता से अपील की कि बढ़ते बिजली बिल के खिलाफ लड़ाई में कांग्रेस का साथ दें और स्मार्ट मीटर उखाड़ फेंकने में सहयोग करें।
विरोध प्रदर्शन में प्रमोद चौबे, प्रकाश जगत, अशोक ठाकुर, मनोज पटनायक, दिनेश मिश्रा, रवि विभार, दिलीप नाग, रिजवान मोहम्मद, आजाद वर्मा, विद्या बाग, मीत गोपाल, नवीन मोगराज, चंदन बारीक, पिंकी नायक, देवेंद्र साहू, संतोषी नाग सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

