राष्ट्रीय आम महोत्सव में 14 हजार गुठलियों का संग्रह, 10 जिलों में तैयार होंगी नर्सरियां 11 गुठलियों पर 1 आम उपहार अभियान को मिला जबरदस्त प्रतिसाद
June 1, 2026रायपुर, 1 जून 2026। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, उद्यानिकी विभाग एवं प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का रविवार को समापन हुआ। समापन दिवस पर दोपहर 12:00 बजे कृषकों एवं उद्यमियों की सफलता की कहानियों पर परिचर्चा का आयोजन किया गया।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण प्रकृति की ओर सोसायटी का “11 गुठलियां लाओ, 1 आम पाओ” अभियान रहा। अभियान को आमजन का भरपूर सहयोग मिला और लगभग 14,000 आम की गुठलियों का संग्रह किया गया। इन गुठलियों से प्रदेश के 10 जिलों में नर्सरियां तैयार की जाएंगी। पौधे विकसित होने के बाद संबंधित जिलों की 10 ग्राम पंचायतों में रोपण एवं संरक्षण किया जाएगा।
सोसायटी के अध्यक्ष मोहन वर्ल्यानी ने बताया कि गुठली संग्रह अभियान अभी जारी रहेगा। इसके लिए शहर के अलग-अलग स्थानों पर संग्रह केंद्र बनाए गए हैं। बेमेतरा से आए पर्यावरण प्रेमी संगठन के संस्थापक विद्या भूषण दुबे एवं उनकी टीम को नर्सरी तैयार करने हेतु 1,000 गुठलियां भी प्रदान की गईं।
मैंगो फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता बनी आकर्षण
महोत्सव में बच्चों के लिए आयोजित मैंगो फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। प्रतियोगिता में यश यादव ने प्रथम, शिवानी पत्रवानी ने द्वितीय एवं शिवम दीक्षित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार दिए गए। प्रतियोगिता की जज शिक्षिका एवं समाज सेविका श्रीमती संगीता ठाकुर रहीं। कार्यक्रम का संचालन एंकर श्वेता ने किया।
बाल आश्रम के बच्चों ने भी ली भागीदारी
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने बाल आश्रम के लगभग 70 बच्चों के साथ सहभागिता की। बच्चों को आम महोत्सव के महत्व एवं पर्यावरण संरक्षण की जानकारी दी गई। डॉ. शर्मा ने महोत्सव को जनजागरण एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक पहल बताया।
इस अवसर पर आम महोत्सव में सहयोग देने वाली विभिन्न व्यापारिक एवं सामाजिक संस्थाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में डॉ. विवेक त्रिपाठी, संचालक, अनुसंधान केंद्र, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय तथा मोहन वर्ल्यानी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समापन समारोह में डॉ. अनिल चौहान, निर्भय धाडीवाल, लक्ष्मी यादव, सर्वत्र सेठी, मनीषा त्रिवेदी, शिल्पी नागपुरे, राम खटवानी, डी. के. तिवारी, दलजीत बग्गा एवं एस. के. टांग सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

