ख़बर का असर..शिक्षा विभाग ने खड़े किए कान.. पचरी स्कूल में किया दो सहायक शिक्षक कि व्यवस्था..
July 16, 2022महासमुंद 16 जुलाई 2022/ महासमुंद विकासखंड के ग्राम पचरी में शिक्षकों कमी से परेशान ग्रामीणों को शिक्षा विभाग ने अस्थाई तौर पर राहत दे दी है। इस सत्र में बच्चों की पढ़ाई खराब न हो इसलिए उनकी मांग पर दो शिक्षकों को भेजा है। इसके लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी के प्रस्ताव पर जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश भी जारी कर दिया है। कल शुक्रवार को आदेश प्रसारित हुआ। सोशल मीडिया के माध्यम से रात में उन्हें आदेश भेजा गया है। आज शनिवार को दोनों शिक्षक ग्राम पचरी प्राथमिक स्कूल में ज्वाइनिंग कर चुके हैं।

इस बात की जानकारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने एमपी साहू ने दी है। उन्होंने बताया है कि ग्रामीणों की मांग पर ग्राम नरतोरा प्राथमिक स्कूल के सहायक शिक्षक चुन्नलाल साहू व ग्राम गुरुडीह की सहायक शिक्षिका रेणु ध्रुव को प्राथमिक शाला पचरी में अस्थाई तौर व्यवस्था में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि गुरुडीह व नरतोरा में दर्ज संख्या के हिसाब से शिक्षक अधिक थे, इसलिए दोनों को वहां भेजा गया है।

आपको बता दें कि बीते 12 जुलाई को ग्राम पचरी के सरपंच, उप सरपंच व ग्रामीणों ने कलेक्टर जनचौपाल में पहुंचकर बताया था कि प्राथमिक स्कूल दो शिक्षक के भरोसे स्कूल संचालित हो रहा है। पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है। स्कूल में 194 छात्र हैं और उन्हें पढ़ाने केवल दो शिक्षक हैं। एक सप्ताह के भीतर शिक्षकों की व्यवस्था नहीं हुई, तो स्कूल में तालाबंदी कर उग्र आंदोलन कि चेतावनी दिए थे।




