Bharat Bandh in UP LIVE: यूपी में बस और रेल यात्रियों को हो सकती है परेशानी

Bharat Bandh in UP LIVE: यूपी में बस और रेल यात्रियों को हो सकती है परेशानी

December 8, 2020 0 By Central News Service

लखनऊ
कृषि कानून के विरोध में पिछले 11 दिन से आंदोलन कर रहे है किसान संगठनों ने बुलाया है। आज सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बंद का आह्वान किया गया है। हरियाणा और पंजाब के अलावा यूपी, दिल्ली, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश, राजस्थान और तमिलनाडु के किसानों ने भी बंद का समर्थन किया है। इसके अलावा 11 राज्य सरकारें भी बंद का समर्थन कर रही हैं। दूसरी ओर केंद्र सरकार सभी राज्यों को सुरक्षा कड़ी रखने और शांति व्यवस्था बनाए रखने को कहा है।
जानिए यूपी में भारत बंद का क्या रहेगा असर-

बस और रेल यात्रियों को हो सकती है परेशानी
भारत बंद के चलते यूपी में शाम तीन बजे तक चक्का जाम रहेगा। यातायात सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। बस और रेल से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। आवश्यक चीजों जैसे दूध, फल और सब्जी पर रोक रहेगी।

बंद के दौरान यह खुला रहेगा
बंद के दौरान ऐंबुलेंस और आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी। मेडिकल स्टोर भी खुले रहेंगे। अस्पताल सामान्य दिनों की तरह ही खुलेंगे। शादियों पर भी कोई पाबंदी नहीं रहेगी।

अधिकारियों के फोन रहेंगे ऑन
लखनऊ डीएम अभिषेक प्रकाश ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के चलते सुरक्षा की दृष्टि से लखनऊ के पुलिस प्रशासन की तरफ से पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। लखनऊ मैजिस्ट्रेट के सभी लोगों के साथ पुलिस प्रशासन के सभी आला-अधिकारी देहात क्षेत्र से लेकर शहरी क्षेत्र तक अपनी नजर रखेंगे। सभी के फोन ऑन रहेंगे, जिससे राजधानी में कोई अप्रिय घटना न होने पाए।

नोएडा में धारा 144 लागू
गौतमबुद्ध नगर जिले में छह दिसंबर 2020 से दो जनवरी 2021 तक धारा 144 लागू की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उत्तर प्रदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा दो की उप धारा (जी) के अंतर्गत कोविड-19 के कारण फैल रही महामारी को आपदा घोषित किया गया है।

सीएम ने अधिकारियों को दिए आदेश
सीएम योगी आदित्यनाथ किसान आंदोलन के मद्देनजर सतर्कता बनाए रखने को कहा है। उन्होंने सभी जिलों के प्रशासन को संवाद बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने नोएडा, गाजियाबाद क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

भारत बंद के मद्देनजर, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है। इसमें सभी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के साथ-साथ कानून और शांति व्यवस्था को बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अखिलेश हिरासत में, माया ने भी दिया समर्थन
भारत बंद को समाजवादी पार्टी और बीएसपी ने भी समर्थन दिया है। एक दिन पहले किसानों के समर्थन में उतरकर किसान यात्रा की शुरुआत करने जा रहे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को प्रदर्शन के दौरान लखनऊ में हिरासत में ले लिया गया था। शाम को उन्हें रिहा किया गया।