फैंस बोले, 'मिस यू धोनी', कप्तान विराट कोहली ने दिया प्यारा सा रिऐक्शन!

फैंस बोले, 'मिस यू धोनी', कप्तान विराट कोहली ने दिया प्यारा सा रिऐक्शन!

December 8, 2020 0 By Central News Service

नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है लेकिन फैंस के दिलों पर वह अब भी राज करते हैं। उनके चाहने वाले सारी दुनिया में हैं।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा जिसमें फैंस का धोनी के लिए प्यार नजर आ रहा है।

इस वीडियो में दिख रहा है कि कैसे सिडनी में मैच के दौरान कुछ फैंस हाथों में ‘मिस यू एमएस धोनी’ का प्लेकार्ड लेकर आए थे। वह बता रहे थे कि वे धोनी को कितना मिस कर रहे हैं। हालांकि जो चीज सबसे ज्यादा वायरल हो रही है वह इस पर कप्तान विराट कोहली का जवाब है। इस वायरल वीडियो में बताया जा रहा है कि कोहली ने भी इशारों में बताया कि वह भी अपने पूर्व कप्तान की कमी महसूस कर रहे हैं। कोहली ने इशारों ही इशारों में ‘मी टू’ कहा। यानी वह भी धोनी को मिस कर रहे हैं।

महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट संन्यास का ऐलान कर दिया था। हालांकि टीम की नीली जर्सी में वह जुलाई 2019 में वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले थे। धोनी के रिटायरमेंट के बाद कोहली ने एक स्पेशल वीडियो के जरिए अपने पूर्व कप्तान के लिए सम्मान जाहिर किया था। धोनी हालांकि इसके बाद चेन्नै सुपर किंग्स के लिए आईपीएल में खेले थे जहां उनकी टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। आईपीएल के इतिहास में चेन्नै पहली बार प्लेऑफ के लिए क्वॉलिफाइ नहीं कर सकी थी।

वहीं टी20 सीरीज की बात करें तो भारत ने इसमें 2-0 की बढ़त बना ली है। भारत को हालांकि वनडे सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन पहले दो वनडे गंवाने के बाद भारत ने दौरे पर लगातार तीन मैच जीते हैं। मंगलवार को टी20 सीरीज का आखिरी मैच जीतकर भारतीय टीम इस सबसे छोटे फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया का सफाया करना चाहेगी।