गोदड़ीवाले संत बाबा हरदास राम का 35वां वरसी महोत्सव शुरू

गोदड़ीवाले संत बाबा हरदास राम का 35वां वरसी महोत्सव शुरू

October 15, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। देवपुरी स्थित गोदड़ीवाला धाम में संत बाबा हरदास राम साहेब का 35वां वरसी महोत्सव हवन और झंडावंदन के साथ शुरू हुआ। संत बाबा गेलाराम साहेब के आशीर्वाद से और देवपुरी धाम की महंत अम्मा मीरा देवी व जलगांव साहेब के महंत साईं देवीदास के सान्निध्य में महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पंडित दिनेश शर्मा ने हवन कराया।

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 225 पंजीयन

महोत्सव के दौरान आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 225 लोगों ने पंजीयन कराया। इसमें से 185 लोगों ने हैदराबाद के प्रसिद्ध AIG हॉस्पिटल के सुप्रसिद्ध डॉ. मोहन रामचंदानी ने पेट, लीवर और आंतों से संबंधित जांच की। डॉ. राजकुमारी बड़वानी ने सोनोग्राफी और डॉ. नवीन खुबचंदानी ने भी अपनी सेवाएं दी।

भजन-कीर्तन और सत्संग

शाम 4 बजे से 5.30 बजे तक गोदड़ीवाला धाम महिला मंडल देवपुरी, रायपुर और भाटापारा का सत्संग हुआ। 5.30 से 6.30 तक सांस्कृतिक कार्यक्रम, 6.30 से 7.30 तक रोहन आर्य के भजन, 7.30 से 8 बजे तक आरती व अखंड पाठ साहेब का आरंभ हुआ। संगत को आशीर्वाद देने पूज्य शदाणी दरबार तीर्थ के संत साईं युधिष्ठिर लाल जी उपस्थित हुए।

रात 9.30 से 12.30 बजे तक साईं सुदामालाल, श्री कृष्णा दरबार चकरभाटा और हरे कृष्णा शिव जलगांव द्वारा भजन प्रस्तुति दी गई। बाबा की देवरी साहेब पर दिन भर माथा टेकने वालों का तांता लगा रहा।

आज के कार्यक्रम

आज 15 अक्टूबर को सुबह 11 बजे भगवान श्री झूलेलाल जी के बहराणा साहेब की पूजा और दोपहर 1 बजे शोभायात्रा निकलेगी। दोपहर 1.30 बजे छत्तीसगढ़ सिंधी साधु समाज के संतों का विशेष भोज होगा। शाम 5 बजे से रात 1 बजे तक संत-महात्माओं और भजन मंडलियों के कार्यक्रम होंगे। रात 8 बजे गोदड़ीवाले बाबा की अखंड धूनी साहेब का पाठ आरंभ होगा।

तीन दिन तक भंडारा प्रसाद जारी रहेगा। देवपुरी, फुंडर, माना, कमल विहार सहित आसपास के ग्रामीणों ने भंडारा प्रसाद ग्रहण किया। सेवा में इंदर सचदेव, हरि इसरानी, अमर गिदवानी, पवन प्रीतवानी सहित अनेक सेवादार जुटे हैं।