राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह: 183 वरिष्ठ शिक्षकों का सम्मान

राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह: 183 वरिष्ठ शिक्षकों का सम्मान

September 6, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 5 सितंबर 2026 – शिक्षक दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के रंग मंदिर प्रेक्षागृह, गांधी चौक में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया।

फेडरेशन ऑफ एजुकेशनल सोसाइटीज, छत्तीसगढ़ एवं अशासकीय प्राचार्य मंच, रायपुर नगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में प्रदेश भर से आए 183 वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि राज्य नीति आयोग, छत्तीसगढ़ शासन के उपाध्यक्ष माननीय श्री गणेश शंकर मिश्रा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संरक्षक एवं पूर्व मंत्री, मध्यप्रदेश तथा छत्तीसगढ़ शासन माननीय श्री सत्यनारायण शर्मा ने की।

विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्री कांति लाल जैन और छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्या मंडल, रायपुर के अध्यक्ष श्री राजेश कुमार राजपूत उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि गणेश शंकर मिश्रा ने कहा, “शिक्षक राष्ट्र के भविष्य का निर्माता होता है। शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का निर्माण करता है। समाज में शिक्षकों का सम्मान सर्वोच्च होना चाहिए।”

अध्यक्षता कर रहे सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि शिक्षकों ने अपना पूरा जीवन विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में समर्पित किया है। ऐसे शिक्षकों का सम्मान करना पूरे शिक्षा जगत और समाज का सम्मान है।

इस अवसर पर फेडरेशन के पदाधिकारी डॉ. सुरेश शुक्ला, अशोक पटेल, आर. के. तिवारी, वी. के. मिश्रा, अरविंद शर्मा, कुसुम त्रिपाठी, मंजरी बख्शी, शीबा चन्दोक, रेनू हैगर, दिनेश गोयल, राजेश साहू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

फेडरेशन ने भविष्य में भी शिक्षा और शिक्षकों के हित में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।