तिरंगा उत्सव रैली का भव्य आयोजन, गूंजे ‘भारत माता की जय’ के नारे

तिरंगा उत्सव रैली का भव्य आयोजन, गूंजे ‘भारत माता की जय’ के नारे

August 10, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 10 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आज महात्मा गांधी मार्ग व्यापारी विकास संघ द्वारा ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा उत्सव रैली का भव्य आयोजन किया गया। रैली में महात्मा गांधी मार्ग के व्यापारी साथियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर देशभक्ति का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।

रैली की शुरुआत शारदा चौक से हुई और गुरु नानक चौक तक ‘भारत माता की जय’ के जयकारों के साथ निकली। मार्ग में जगह-जगह व्यापारियों ने तिरंगा लहराकर उत्साह बढ़ाया। रैली गरचा कॉम्प्लेक्स के सामने संपन्न हुई।

इस दौरान संस्था द्वारा सभी व्यापारी सदस्यों को तिरंगा वितरित किया गया। साथ ही उनसे अपील की गई कि वे तिरंगे की शान और मर्यादा का ध्यान रखते हुए इसे उचित और सम्मानजनक स्थान पर स्थापित करें।

कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक श्री विक्रम सिंह देव, श्री महेंद्र तलरेजा, अध्यक्ष श्री संजय जादवानी, महामंत्री श्री जैन विकास सिपानी, कोषाध्यक्ष श्री परेश पारेख और सह कोषाध्यक्ष श्री अमरीक बागल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी साथी उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने रैली का स्वागत किया और इसमें शामिल होकर देश प्रेम की भावना को और मजबूत किया।

व्यापारियों ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारी एकता और गौरव का प्रतीक है। इस आयोजन से पूरे महात्मा गांधी मार्ग पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।