एशिया कप -तिलक ने लगाया विजय तिलक, खिताबी भिड़ंत में भारत ने पाक को 05 विकेट से मात दी…
September 29, 2025
संपादक मनोज गोस्वामी
रायपुर/दुबई, 29 सितंबर 2025/ एशिया कप 2025 के फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को हरा दिया है। तिलक वर्मा की बेहतरीन और यादगार अर्धशतकीय पारी के दम पर भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर रिकॉर्ड 9वीं बार एशिया कप का खिताब जीता। तिलक वर्मा ने 53 गेंद पर नाबाद 69 रन बनाया। इस पारी में 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही थी। भारत ने 20 के स्कोर पर अपने तीन शीर्ष के बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। अभिषेक शर्मा 5, शुभमन गिल 12 और कप्तान सूर्यकुमार यादव 1 रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने भारत को मुश्किल समय से निकाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की। सैमसन अबरार अहमद पर एक बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठे। सैमसन 21 गेंद पर 24 रन बनाकर आउट हुए। सैमसन 77 के स्कोर पर चौथे विकेट के रूप में आउट हुए। उस समय भारत को जीत के लिए 70 रन की आवश्यकता थी।
इसके बाद तिलक वर्मा का साथ शिवम दुबे ने निभाया। दोनों ने 5वें विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की और स्कोर को 137 तक पहुंचाया। शिवम 22 गेंद पर 33 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तिलक ने रिंकू सिंह के साथ मिलकर भारत को जीत दिला दी। रिंकु सिंह ने विजयी चौका मारकर भारत ने 19.4 ओवर में 05 विकेट कि नुकसान पर 150 रन बनाकर मैच 5 विकेट से जीता।




