रायपुर में बिजली बिल गड़बड़ी पर बवाल: एमडी ने 2700 मामलों की बात कबूली, विकास उपाध्याय ने स्मार्ट मीटर बंद करने की मांग की
June 11, 2026रायपुर, 11 जून 2026
राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में बिजली बिलों में भारी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। मीटर रीडिंग के बिल और भुगतान राशि में बड़ा अंतर मिलने पर पूर्व संसदीय सचिव एवं छाया सांसद विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को सीएसपीडीसीएल के एमडी से मुलाकात की।
एमडी ने कबूले 2700 प्रकरण
विकास उपाध्याय ने बताया कि मुलाकात के दौरान एमडी ने खुद माना कि उनके संज्ञान में बिजली बिल गड़बड़ी के 2700 प्रकरण आ चुके हैं। उपाध्याय ने कहा, “जब राजधानी में इतने मामले हैं तो पूरे प्रदेश में लाखों उपभोक्ता इस गड़बड़ी के शिकार होंगे।” प्रतिनिधिमंडल दर्जनों बिजली बिलों में त्रुटियों के उदाहरण लेकर पहुंचा था।
स्मार्ट मीटर पर सवाल, भ्रष्टाचार का आरोप
उपाध्याय ने आरोप लगाया कि “बिजली विभाग स्मार्ट मीटर लगाकर जनता को स्मार्ट तरीके से लूट रहा है।” उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के कारण ही बिलों में गड़बड़ी आ रही है। कई उपभोक्ताओं का ऑनलाइन ऑटो-पे सेट है, जिन्हें गलत बिल का पता ही नहीं चलता। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या विभाग ऑटो-पे हुए गलत बिल की राशि वापस करेगा।
सरकार पर निशाना
उपाध्याय ने कहा कि उपभोक्ता पहले से महंगी बिजली, लो वोल्टेज और अघोषित कटौती से परेशान हैं। ऊपर से ‘बिजली बिल हाफ योजना’ के तहत 400 यूनिट तक मिलने वाली छूट भी खत्म कर दी गई। उन्होंने कहा, “ऊर्जा विभाग मुख्यमंत्री के पास है, इसलिए सरकार इस गंभीर समस्या पर चुप है।”
आंदोलन की चेतावनी
विकास उपाध्याय ने मांग की कि लापरवाही की जांच हो, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो और पूरे प्रदेश से स्मार्ट मीटर तुरंत हटाए जाएं। चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो कांग्रेस ऊर्जा विभाग के दफ्तर और सीएम हाउस का घेराव करेगी।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में कन्हैया अग्रवाल, दीपक मिश्रा, सुमित दास, रवि थॉमस, उत्तम साहू, राजेश पाल समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।


