
भारतमाला प्रोजेक्ट अधिग्रहण घोटाले मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
April 26, 2025रायपुर : भारतमाला प्रोजेक्ट की ज़मीन अधिग्रहण प्रक्रिया में घोटाले को लेकर EOW ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में हरमीत खनूजा, उमा तिवारी, केदार तिवारी और विजय जैन के नाम शामिल हैं।
EOW की जांच में सामने आया है कि भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत अधिग्रहण की जा रही ज़मीनों को कागज़ी दस्तावेज़ों में 6-6 अलग-अलग मालिकों के नाम पर दर्शाया गया था, जिससे मुआवज़े के नाम पर करोड़ों रुपए की बंदरबांट की गई। इस जालसाजी के जरिए सरकारी धन का भारी दुरुपयोग किया गया।
शुक्रवार को हुई छापेमारी के बाद सभी आरोपियों को विशेष ACB/EOW कोर्ट में पेश किया गया, जहां EOW ने चारों को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर देने की मांग की है। कोर्ट में पेशी के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे। EOW इस घोटाले में और भी नामों की तलाश कर रही है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कुछ और खुलासे हो सकते हैं।