चंदा देने वालों पर कृपा की बौछार और आम जनता पर टैक्स की मार, यही है मोदी सरकार: विनोद चंद्राकर

चंदा देने वालों पर कृपा की बौछार और आम जनता पर टैक्स की मार, यही है मोदी सरकार: विनोद चंद्राकर

March 16, 2024 0 By Central News Service

पूर्व संसदीय सचिव ने चुनावी इलेक्टोरल बाॅन्ड मामले में मोदी सरकार को घेरा

महासमुंद 16 मार्च 2024/ पूर्व संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि विदेशों से काला धन वापस लाकर हर गरीब के खाते में 15 लाख देने की बात कहने वाले भाजपा की मोदी सरकार ने 10 सालों में घोटालेबाजी का इतिहास रच डाला। चुनावी इलेक्टोरल बाॅन्ड के आंकड़े मोदी सरकार की अवैध वसूली, घोटालेबाजी का सबूत दे रहा है।

श्री चंद्राकर ने इलेक्टोरल चुनावी बॉन्ड को मोदी सरकार का सबसे बड़ा घोटाला बताते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले का खुलासा किया है। जो रिपोर्ट आ रही है उससे बिल्कुल यह बात सामने आ रही है कि डरा धमकाकर इन्होंने चुनावी चंदा लिया है। जिसमें ईडी और इनकम टैक्स को भेजा गया और धमकाकर चंदा लिया गया। 40 से 50 कंपनी ऐसी है जिनका सालाना बर्थ 500 करोड़ रुपये है, लेकिन चुनाव में 1000 करोड़ रूपए से अधिक का चंदा दिए हैं।

श्री चंद्राकर ने कहा कि चुनावी बाॅन्ड के आंकड़े सार्वजनिक होने के बाद भाजपा की अवैध वसूली, रिश्वत खोरी और मुखाैटा कंपनियों के जरिए धनशोधन की भ्रष्ट तरकीब उजागर हो गई है। एजेंसियों का दुरुपयोग कर 30 चंदा दाताओं में से 14 के खिलाफ पहले छापे मारे गए थे। आंकड़ों से यह जानकारी भी सामने आई है कि केंद्र से कुछ मदद मिलने के तुरंत बाद कंपनियों ने चुनावी बांड के जरिए एहसान चुकाया है। इन कंपनियों में प्रमुख रूप से वेदांता को 3 मार्च 2021 को राधिकापुर पश्चिम निजी काेयला खदान मिलने के लगभग डेढ़ माह बाद 21 अप्रेल 2021 को उसने 25 करोड़ रुपए भाजपा को चुनावी चंदा दिया। कई मुखाैटा कंपनियों ने भी दान दिया। मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रा ने 800 करोड़ रूपए से अधिक चुनावी बाॅन्ड में दिए। केवल अप्रैल 2023 में ही कंपनी ने 140 करोड़ रूपए भाजपा को दिए। इसके एक माह बाद 14,400 करोड़ रूपए का ठाणे – बोरीवली ट्विन टनल प्रोजेक्ट कंपनी को मिल गया। जिंदल स्टील एंड पावर ने 7 अक्टूबर 2022 को बाॅन्ड में 25 करोड़ रूपए दिए। इसके तीन दिन बाद दस अक्टूबर को कंपनी गोरे पाल्मा की कोयला खदान हासिल करने में कामयाब हो गई।

आयकर विभाग ने दिसंबर 2023 में शिरडी साईं इलेक्टि्रकल्स पर छापा मारा। कंपनी ने बाॅन्ड के जरिए भाजपा को 40 करोड़ का चंदा दिया। 2 अप्रैल 2022 को ईडी ने फ्यूचर गेमिंग एंड होटल्स पर छापा मारा। इसके पांच दिन बाद कंपनी ने 100 करोड़ रूपए का दान भाजपा को दिया। अक्टूबर 2023 में आयकर ने फिर छापा मारा, कंपनी ने बाॅन्ड के जिरए फिर 65 करोड़ रूपए का दान दिया। उन्होंने कहा कि “क्रोनोलॉजी स्पष्ट है, चंदा दो-धंधा और प्रोटेक्शन लो। चंदा देने वालों पर कृपा की बौछार और आम जनता पर टैक्स की मार, यही है भाजपा की मोदी सरकार।