Kisan Andolan : झारखंड में सत्ताधारी JMM ने दिया भारत बंद को समर्थन, मगर विपक्षी बीजेपी ने किसानों की धान खरीद पर ही घेरा

Kisan Andolan : झारखंड में सत्ताधारी JMM ने दिया भारत बंद को समर्थन, मगर विपक्षी बीजेपी ने किसानों की धान खरीद पर ही घेरा

December 7, 2020 0 By Central News Service

रांची/दुमका/पाकुड़: झारखंड की सत्ताधारी पार्टी JMM यानि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने केंद्र के विरोध के लिए मौका देखते ही को अपना मुद्दा भी बनाने की कवायद शुरू कर दी है। इसी कड़ी में एक तरफ जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कल यानि 8 नवंबर के भारत बंद को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है तो दूसरी तरफ सरकार के एक साल पूरे होने से पहले ही किसानों की कर्ज माफी की तैयारी है। लेकिन विपक्षी बीजेपी ने भी सरकार को घेरने के लिए अपनी चाल चल दी है।

भारत बंद को JMM का समर्थन- हेमंत सोरेनझारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि देश के मालिक को मजबूर बनाने को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ झारखंड में भी उलगुलान (क्रांति) होगा। हेमंत सोरेन ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि ‘हमारे मेहनती किसान देश की आन बान और शान हैं, किसान अन्नदाताओं के पक्ष में झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार 8 दिसंबर को भारत बंद का पूर्ण समर्थन करता है।’

झारखंड कांग्रेस ने भी बिगुल फूंकाउधर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉक्टर रामेश्वर उरांव ने भी सभी पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं से 8 दिसंबर के भारत बंद के समर्थन में सड़कों पर उतर कर पूर्ण रूप से भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उरांव ने सभी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि राज्य मुख्यालय एवं जिला मुख्यालयों में पार्टी झंडा, बैनर के साथ विरोध प्रदर्शन के जरिए किसान संगठनों के भारत बन्द कार्यक्रम को सफल बनाया जाए।
झारखंड की लेफ्ट पार्टियों ने भी किसान संगठनों के भारत बंद को समर्थन देने का ऐलान किया है। वाम दलों की ओर से भारत बंद को सफल बनाने को लेकर व्यापक रूप से जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। वहीं वाम दलों के कार्यकर्त्ता जगह-जगह सड़क पर उतर कर अभी से ही प्रदर्शन भी कर रहे हैं।

सोरेन का किसानों के लिए एक और दांव
इधर झारखंड सरकार किसानों को लुभाने के लिए एक और दांव खेलने की तैयारी में है। दुमका में रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने ऐलान किया है कि हेमंत सोरेन सरकार के एक साल पूरा होने से पहले ही राज्य के किसानों को दो हजार करोड़ कृषि ऋण माफी का तोहफा दिया जाएगा। झारखंड के कृषि मंत्री और जरमुण्डी के विधायक बादल पत्रलेख ने रविवार को दुमका जिले के जरमुण्डी विधानसभा क्षेत्र के मदनपुर गांव में संविधान निर्माता बाबा साहब डाक्टर भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ये घोषणा की।

कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने मीडिया की मौजूदगी में दावा करते हुए कहा कि ‘संविधान निर्माता बाबा साहब की प्रतिमा के सामने मैं ये वचन देता हूं कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य की महागठबंधन सरकार जब एक वर्ष पूरा करेगी। उस समय तक राज्य सरकार दो हजार करोड़ रूपये का कृषि ऋण माफ कर अपने वायदे के अनुरूप किसानों को तोहफा देकर उन्हें कर्ज की चिंता से मुक्त कर देगी।’

विपक्षी बीजेपी ने सोरेन सरकार को किसानों के मुद्दे पर ही घेरा
दूसरी तरफ विपक्षी बीजेपी ने हेमंत सोरेन सरकार को किसानों के मुद्दे पर ही घेर लिया है। रविवार को झारखंड में किसानों से धान खरीद पर सरकार के रोक के मुद्दा बनाते हुए मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी ने पाकुड़ के विभिन्न मंडलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की।

पाकुड़ जिला मुख्यालय में बीजेपी जिलाध्यक्ष बलराम दूबे ने धान खरीद पर सरकार की रोक के खिलाफ प्रदर्शन और पुतला दहन का नेतृत्व किया। मौके पर मौजूद पाकुड़ के पूर्व बीजेपी विधायक वेणी प्रसाद गुप्ता ने झारखंड सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसके तुगलकी फरमान से राज्य के लाखों किसान आज खून के आंसू रो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के मनमाने फैसले व धान खरीद पर रोक के तुगलकी फरमान से आज वे मजबूरन अपना सोना मिट्टी के भाव बेचने को विवश हैं। गुप्ता ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री रामेश्वर उरांव की भी आलोचना की।